West Bengal News: मतदान खत्म होते ही बंगाल में कई जगहों पर हिंसा, नदिया में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

 कोलकाता, बीएनएम न्यूजः मतदान खत्म होते ही बंगाल में विभिन्न स्थानों पर हिंसा शुरू हो गई है। राज्य के नदिया जिले के देवग्राम इलाके में शनिवार रात एक भाजपा कार्यकर्ता की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। मृतक का नाम हाफिजुल शेख था। वह चांदपुर ग्राम के रहने वाले थे। शनिवार रात हाफिजुल चाय की दुकान पर बैठे थे। उसी समय मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कुछ लोग वहां पहुंचे और हाफिजुल पर नजदीक से गोलियां चलाईं। मौत निश्चित करने के लिए चाकू से भी वार किया, उसके बाद भाग निकले।

स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने घटना के पीछे राज्य में सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के गुंडों का हाथ बताया है। दूसरी तरफ तृणमूल ने घटना में हाथ होने से इन्कार किया है। वहीं उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा में प्रियांकू पांडे नामक भाजपा नेता के घर के सामने शनिवार देर रात कुछ लोगों ने बमबाजी की।

प्रियांकू बैरकपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन सिंह के चुनाव एजेंट हैं। दूसरी तरफ इसी जिले के नैहाटी में एक तृणमूल नेता के कार्यालय के सामने बम फेंके गए। कोलकाता उत्तर में रमेश साव नामक भाजपा के बूथ एजेंट के साथ मारपीट की गई।

संदेशखाली में पुलिस और महिलाओं में झड़प

बशीरहाट संसदीय क्षेत्र के संदेशखाली में शनिवार को हुए मतदान के बाद से ही माहौल अशांत है। वहां पुलिस व महिलाओं के बीच रविवार को फिर झड़प हुई। महिलाएं बांस व लाठी लेकर सड़क पर उतर पड़ीं। हालात को देखते हुए वहां बड़ी संख्या में पुलिस, रैफ व केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। कुछ इलाकों में धारा 144 लागू कर दी गई है।

मालूम हो कि संदशखाली में मतदान के दिन भाजपा कार्यकर्ता की कुछ लोगों ने पिटाई की थी। आरोप तृणमूल पर लगा था। इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों ने विरोध किया था, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस ने जब उन्हें हटाने की कोशिश की थी तो झड़प हुई थी। इसमें एक पुलिसकर्मी का सिर फट गया था।

पुलिस ने उस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। रविवार को पुलिस एक और प्रदर्शन करने वाले को पकड़कर ले जा रही थी। उसी समय बड़ी संख्या में महिलाएं जमा हो गईं और पुलिस को रोका। तभी पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई। इस बीच राज्यपाल डा सीवी आनंद बोस ने संदेशखाली में हुई गड़बड़ी को लेकर राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है।

19 जून तक केंद्रीय बलों की 400 कंपनियां रहेंगी तैनात

मतदान खत्म होते ही बंगाल के विभिन्न स्थानों पर हिंसा शुरू हो गई है। राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्वाचन आयोग ने अब यहां 19 जून तक केंद्रीय बलों की 400 कंपनियां तैनात रखने का फैसला किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि शनिवार को सातवें व आखिरी चरण का मतदान संपन्न होने के बाद केंद्रीय बल के आधे जवान यहां से चले जाएंगे, लेकिन 19 जून तक 400 कंपनियां यहां तैनात रहेंगी। पहले छह जून तक 400 कंपनियों को यहां तैनात रखने का फैसला किया गया था।

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed