बर्बरता की हदें पार: सैन्यकर्मी ने पत्नी की अंगुलियों पर चलाई सिलाई मशीन, लात-घूंसों से पीटा

नीलम कुमारी।

बरेली, बीएनएम न्यूज : बरेली में छुट्टी पर घर आए फौजी ने पत्नी से बर्बरता की हदें पार की। चाकू से प्रहार कर उनकी कलाई लहूलुहान कर दी, अंगुलियों पर सिलाई मशीन चला दी। शुक्रवार को पीड़ित की तहरीर पर आरोपित मुकेश कुमार, घटना में सहयोग करने वाले उसके माता-पिता के विरुद्ध हत्या का प्रयास, धमकाने, दहेज उत्पीड़न की धारा में प्राथमिकी पंजीकृत की गई। देर शाम मुख्य आरोपित को पकड़ लिया गया। न्यायालय से उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया।

जूतों से चेहरे व पेट पर प्रहार किए

मुकेश कुमार सेना में नायक है। पुलिस के अनुसार, इस समय उसकी तैनाती असम में है। उसका विवाह 23 अप्रैल, 2021 को नीलम कुमारी से हुआ था। दंपती का एक बेटा भी है। नीलम का आरोप है कि पति के एक दूसरी महिला से संबंध हैं। इस वजह से वह और उसकी मां ऊषा देवी उसके ऊपर तलाक लेने का दबाव बनाते हैं। आए दिन उसे प्रताड़ित किया जाता है। 12 मई को मुकेश छुट्टी लेकर घर आया, तब से लगातार पत्नी को प्रताड़ित कर रहा था। 21 मई की रात उसने हत्या के इरादे से चाकू से हमला किया था। बचाव में हाथ आगे बढ़ाया तो कलाई कट गई। लहूलुहान होने के बावजूद वह मारपीट करता रहा। जबरन अंगुलियों पर सिलाई मशीन चला दी। वहां से बचकर भागी तो जमीन पर गिराकर पीटा, जूतों से चेहरे व पेट पर प्रहार किए। बाल पकड़कर सिर कई बार दीवार में मारा, जिससे चेहरे पर आंख पर गंभीर चोट आई। उसी रात फोन पर सूचना मिलने पर भाई पहुंचे और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

मोबाइल फोन से वीडियो बनाया

महिला का आरोप है कि आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाया। वीडियो में जबरन उससे कहलवाया गया कि वह किसी लड़के से बात करती है। जख्मों से खून बहने की वजह से वह रातभर बेहाल रही। जानकारी होने पर सुबह मायके वाले पहुंचे और उसे साथ ले गए। उसका उपचार कराया। स्वस्थ होने पर बृहस्पतिवार को महिला थाने पहुंची। इंस्पेक्टर नवाबगंज राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed