Haryana Politics: हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा अध्यक्ष बदला, सीएम सैनी की जगह विधायक बड़ौली प्रधान बने

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana Politics: हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। भाजपा ने सोनीपत के राई से विधायक मोहन लाल बड़ौली को नया अध्यक्ष बनाया है। मोहन लाल बड़ौली पार्टी का बड़ा ब्राह्मण चेहरा हैं। अभी तक हरियाणा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का पद सीएम नायब सैनी के ही पास था।
पहला विधानसभा चुनाव जीता
मोहन लाल बड़ौली ने छोटे कार्यकर्ता के रूप में राजनीतिक पारी शुरू की थी। उन्होंने पहले सोनीपत के बहालगढ़ चौक के पास कपड़ा मार्केट में एक दुकान चलाई। इसके बाद 1989 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में शामिल हुए। इसके बाद भाजपा में आ गए। 2019 में राई में उन्होंने पहला विधानसभा चुनाव लड़ा और जीतकर विधायक बने।
जातिगत संतुलन साधने की कोशिश
मोहन लाल बड़ौली ने हाल में सोनीपत लोस सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि वे कांग्रेस उम्मीदवार सतपाल ब्रह्मचारी से हार गए थे। चुनाव से पहले भाजपा ने मोहन लाल बड़ौली को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाकर 7.5% ब्राह्मण वोट बैंक पर दांव खेला है। भाजपा की नियुक्ति के बाद अब प्रदेश में पार्टी अध्यक्ष ब्राह्मण, सीएम कुर्सी पर ओबीसी और पार्टी के प्रदेश प्रभारी पद पर जाट चेहरे डॉ. सतीश पुनिया को लाकर भाजपा ने जातिगत संतुलन साधने की कोशिश की है।
2023 में अध्यक्ष बने थे नायब सैनी
नायब सिंह सैनी को 27 अक्टूबर 2023 को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनकी नियुक्ति जाट चेहरे ओपी धनखड़ की जगह पर की गई थी। नियुक्ति के दौरान सैनी कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से सांसद थे। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले मनोहर लाल खट्टर को हटाकर नायब सैनी को सीएम बना दिया गया। जिसके बाद सैनी सैनी मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश अध्यक्ष की भी जिम्मेदारी देख रहे थे। हालांकि, भाजपा ने नायब सैनी की अगुआई में विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस वजह से उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।
पिछले 3 दिन से दिल्ली डटे थे रामबिलास शर्मा
हरियाणा में सैनी के सीएम बनने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामबिलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु के अलावा पूर्व सांसद संजय भाटिया का नाम प्रमुख तौर पर लिया जा रहा था। मगर, इन सभी सीनियर को दरकिनार कर भाजपा ने मोहनलाल बड़ौली को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं रामबिलास शर्मा तो पिछले 3 दिनों से दिल्ली में डटे हुए थे। शीर्ष नेतृत्व ने विधानसभा चुनाव से पहले तमाम गुणा भाग करने के बाद ब्राह्मण चेहरे के तौर पर मोहनलाल बड़ौली को जिम्मेदारी सौंपी है।
CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन