Rahul Gandhi in Rae Bareli: चुनावी सभा में राहुल गांधी बोले- अब शादी कर लूंगा, ये मेरी 2 माताओं की कर्मभूमि, इसलिए यहां से चुनाव लड़ने आया हूं

रायबरेली, बीएनएम न्यूज। Rahul Gandhi in Rae Bareli: राहुल गांधी सोमवार को रायबरेली के बछरांवा पहुंचे। कहा कि ये मेरी 2 माताओं की कर्मभूमि है, इसलिए यहां से चुनाव लड़ने आया हूं। कांग्रेस देश के युवाओं के लिए क्या करने जा रही है, ये बताने मैं रायबरेली आया हूं। इस बीच सभा में किसी ने पूछा, शादी कब करेंगे। राहुल ने जवाब दिया कि अब जल्दी करनी पड़ेगी। उस सभा में प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं।

15 अगस्त तक 30 लाख नौकरी देने का काम करेगी

 

राहुल गांधी ने कहा, कांग्रेस 15 अगस्त तक 30 लाख नौकरी देने का काम करेगी। देश में ठेकेदारी प्रथा बंद होगी। संबोधन के दौरान राहुल ने प्रियंका को अपने पास बुलाया। उन्हें दुलार करते हुए कहा- ये मेरी बहन, मेरे लिए कैंपेन कर रही हैं। अपना खून पसीना बहा रही हैं। इसी बीच भीड़ में से किसी ने राहुल से शादी को लेकर सवाल किया। जिस पर प्रियंका गांधी ने कहा, पहले उसकी बात का जवाब दो। इसके बाद हंसते हुए राहुल गांधी ने जवाब दिया।

भाई को बचपन से अन्याय पसंद नहीं- प्रियंका गांधी

 

इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा, आज मुझे गर्व है कि आपके सामने राहुल गांधी को मैं यहां लाई हूं। इस देश में ये इकलौते नेता हैं, जो 4 हजार किलोमीटर कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक पैदल चले। फिर मणिपुर से मुंबई तक यात्रा की। सिर्फ देश को संदेश देने के लिए यहां सब भाई हैं, देश में विकास तब आएगा, जब देश में एकता बनी रहेगी। मैं उनकी बहन हूं। उनको बचपन से जानती हूं। बचपन से इनको अन्याय पसंद नहीं है। बचपन में कोई बच्चा खेलते-खेलते बेइमानी करे तो भाई लड़ जाते थे। ऐसा निडर व्यक्ति आपको कहीं नहीं मिलेगा। भाई हमेशा सच बोलेंगे, चाहे वो कितना भी कड़वा लगे। भाई आपकी लड़ाई लड़ेंगे, विकास करवाएंगे।

मेरी दोनों माताओं की कर्मभूमि है रायबरेली

 

इसके बाद राहुल गांधी ने कहा, ‘कुछ दिन पहले मैं मां सोनिया गांधी के साथ बैठा था। मैंने मां से कहा कि एक-दो साल पहले मैंने एक वीडियो में कहा था कि रायबरेली में मेरी दो माता थीं। एक सोनिया गांधी और दूसरी इंदिरा गांधी। तब मां ने कहा, तुम्हारी तो एक ही मां है। मैंने मां से कहा, मां वो होती है जो रास्ता दिखाती है, रक्षा करती है। आपने मेरे साथ ये दोनों काम किए और इंदिरा जी ने भी। मेरी दोनों माताओं की ये कर्मभूमि है।’

‘संविधान के बिना जनता की सरकार नहीं होगी’

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, जो भी आपको आज तक मिला है वो संविधान ने आपको दिया है। इस किताब के बिना जनता की सरकार नहीं होगी, वो अडानी-अंबानी की सरकार होगी। जो आपकी आज थोड़ी सी रक्षा है, वो भी खत्म हो जाएगी। बस 2-3 लोगों की सरकार रह जाएगी। सरकारी नौकरी खत्म हो जाएगी। आरक्षण खत्म हो जाएगा। सारे रास्ते बंद हो जाएंगे। हमारी लड़ाई संविधान को बचाने की है। किसानों और गरीबों की रक्षा की है। पीएम ने 16 लाख करोड़ रुपए 22 उद्योगपतियों का माफ किया है। आज 22 लोगों के पास जितना धन है, उतना भारत में 17 करोड़ लोगों के पास है। इतना अन्याय कभी नहीं हुआ। किसानों से छीना, मजदूरों से छीना, गरीबों से छीना और उनको दे दिया।

‘मीडिया कभी किसान-बेरोजगार का इंटरव्यू नहीं दिखाता’

 

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा, देश का मीडिया ने कभी हमारे विकास कामों को नहीं दिखाता। मीडिया कभी सच नहीं दिखाता। किसी किसान-बेरोजगार का इंटरव्यू नहीं दिखाता। लेकिन अंबानी की शादी दिखाता है। 10 करोड़ की घड़ी, लाखों रुपए का ड्रेस दिखाया। ये लोग हमारे नहीं, अडानी-अंबानी-मोदी के हैं। पीएम अगर 22 लोगों के लिए काम कर सकते हैं, तो कांग्रेस करोड़ों लोगों को लखपति बना सकती है। भारत में सारे गरीब परिवारों की लिस्ट बनेगी। यूपी से भी करोड़ों लोग होंगे। लिस्ट में से हर परिवार की एक महिला का नाम चुना जाएगा। उस महिला के अकाउंट में 1 लाख रुपए साल के अंदर जाएगा।

‘हर महीने मिलेंगे 8.5 हजार’

 

जुलाई में आएंगे 8 हजार 500, अगस्त में 8 हजार 500, सितंबर में भी। हर महीने पैसे आते रहेंगे। हमारे भाई मजदूरी करते हैं, जॉब करते हैं, नौकरी करते हैं, उसके लिए उनको सैलरी मिलती है। वैसे ही महिलाएं भी काम करती हैं, उनको भी सैलरी मिलती है। लेकिन जो महिला घर का काम करती हैं उनको ये सैलरी के रूप में दिया जा रहा है।

सबसे पहले किसानों का कर्ज माफ होगा

 

राहुल ने कहा, किसानों के लिए पीएम 3 काले कानून लाए। प्रदर्शन में 750 किसान शहीद हुए। उन किसानों को पीएम मोदी आतंकवादी कहते हैं। न्याय यात्रा में मैंने किसानों से उनकी समस्या पूछी। उन्होंने हमें बताया कि बैंक से हमें मारकर भगाया जाता है। हमारा कर्जा कभी भी माफ नहीं होता। तब मैंने किसानों से कहा, अगर हमारी सरकार आई तो आपका कर्जा माफ करना हमारा पहला काम होगा।

नोटबंदी, थाली, पकौड़ा युवाओं को दिया

पीएम मोदी ने 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी। फिर कहते हैं, नाली में पाइप डालो। उससे गैस निकलेगी, उससे पकौड़े तलो और बेचो। 2-3 लोगों ने ऐसा किया लेकिन कुछ नहीं हुआ। 6 साल का बच्चा जानता है कोविड कैसे फैलता है, लोग थाली बजा रहे हैं और कोविड फैलता जा रहा है। मीडिया प्रशंसा कर रही है। नोटबंदी, थाली, पकौड़ा युवाओं को ये दिया।

‘अमेठी में मैंने राइफल की फैक्ट्री लगवाई’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, देश के जवानों को इन्होंने मजदूर बना दिया। मजदूर का बेटा बॉर्डर पर जाता है तो कहते हैं तुम अग्निवीर हो। गोली अग्निवीर को लगेगी। फिर कहा जाएगा देश में 2 तरह के शहीद हैं। तुम वो शहीद हो, जिसको शहीद का दर्जा नहीं मिलेगा। परिवार को पेंशन नहीं मिलेगी। ये पीएम मोदी का काम है। अमेठी में मैं राइफल की फैक्ट्री लाया था। अब पीएम अडानी को ये काम देना चाहते हैं, तभी फैक्ट्री नहीं चल रही है। राइफल नहीं बन रही है।

 

Tag- Rahul Gandhi in Rae Bareli, Rahul Gandhi, Priyanka Gandhi, Loksabha Election 2024, Sonia Gandhi, Indira gandhi

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed